नई दिल्ली। ईस्ट जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर ऑटोलिफ्टर अविनाश चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मारुति सुजुकी ब्रेजा, फर्जी नंबर प्लेट और वारदात में इस्तेमाल होने वाली मास्टर-की बरामद हुई है।
राजीव कुमार डीसीपी पूर्वी जिला के अनुसार आरोपी चोरी की गाड़ी पर फर्जी नंबर लगाकर पुलिस को चकमा दे रहा था। AATS की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर करीब 150-200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और जोशी कॉलोनी, मधु विहार से गाड़ी की मूवमेंट ट्रेस की। तकनीकी निगरानी के बाद 30 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे मयूर विहार फेज-1 में नोएडा लिंक सर्विस रोड, क्राउन प्लाजा होटल के पीछे से गाड़ी को घेरकर पकड़ा गया।
जांच में पता चला कि बरामद ब्रेजा का असली नंबर DL-04-CAY-** है और यह थाना इंदिरापुरम, गाजियाबाद के FIR No. 27/2026 में चोरी की है। आरोपी इस पर फर्जी नंबर DL-2CAY-** लगाकर चला रहा था।
पूछताछ में बड़ा खुलासा: आरोपी ने पूछताछ में महिंद्रा थार और टोयोटा फॉर्च्यूनर चोरी करने की बात भी कबूली है, जिसे उसने सेक्टर-58, नोएडा इलाके में छिपाया है। पुलिस उसकी निशानदेही पर वाहनों की तलाश कर रही है।
इस मामले में अविनाश चौधरी (24), निवासी को गिरफ्तार किया गया है जो जोशी कॉलोनी, आईपी एक्सटेंशन, मंडावली, दिल्ली का रहने वाला है। पेशे से डॉग ट्रेनर है।
यह कार्रवाई ACP/ऑपरेशन्स पवन कुमार की देखरेख और इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार, प्रभारी AATS/ईस्ट के नेतृत्व में SI विक्रम सिंह, SI शुभांशु सहित पूरी टीम ने की। आरोपी को 31.08.2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी के पास से चोरी की एक ब्रेजा कार ,फर्जी नंबर प्लेट और एक मास्टर-की बरामद हुई है।