उत्तरी जिले की थाना लाहौरी गेट पुलिस ने 7.79 लाख रुपये की चोरी की बड़ी वारदात को सुलझाते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2,32,800 रुपये बरामद हुए हैं।
राजा बंथिया IPS, DCP/उत्तरी जिला के मुताबिक 29.जुलाई.2026 को व्यापारी सुदर्शन गुप्ता ने शिकायत दी कि खारी बावली स्थित उनकी दुकान का शीशा तोड़कर लॉकर से 7,79,100 रुपये चोरी हो गए। चोर दुकान का CCTV का DVR भी साथ ले गए थे।
उपरोक्त मामले में SHO योगेश्वर और ACP कोतवाली शंकर बनर्जी के निर्देशन में SI रोहित के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दो लोग दुकान में घुसते और फिर ऑटो से भागते दिखे। ऑटो चालकों से पूछताछ पर पता चला कि दोनों को भलस्वा डेयरी छोड़ा गया था।
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर आरोपी की पहचान मनोज उर्फ ओमकार (40 वर्ष), निवासी गुरु नानक देव कॉलोनी, भलस्वा डेयरी के रूप में हुई। आरोपी फरार होकर UP के महराजगंज में रिश्तेदार के घर छिपा था, जहाँ से 02.08.26 को उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ में खुलासा: आरोपी ने बताया कि उसने साथी के साथ मिलकर चोरी की थी। पकड़े जाने से बचने के लिए DVR को जंगल में फेंक दिया और पैसा आपस में बांट लिया। चोरी के पैसों से उसने अपनी LIC पॉलिसी की किस्त भी भरी। आरोपी नशे का आदी है और पिछले 20 सालों से चोरी कर रहा है। वह पहले भी दिल्ली के अलग-अलग थानों में चोरी के 8 मामलों में शामिल रहा है। उसके फरार साथी की तलाश जारी है।