दिल्ली : द्वारका जिले में स्नैचिंग गैंग का भंडाफोड़, 3 बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली, 12 सितंबर।

द्वारका जिले की उत्तम नगर थाना पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले 3 बदमाशों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को एक व्यक्ति गुड़गांव से अपनी कंपनी की महिला कर्मचारी को छोड़ने उत्तम नगर वेस्ट मेट्रो स्टेशन के पास आया था। कैब से उतरकर जब वह दूसरी कैब बुक करने के लिए मोबाइल देख रहा था, तभी बाइक पर सवार 3 युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। इस संबंध में थाना उत्तम नगर में FIR No. 398/2026 दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP द्वारका श्री कुशल पाल सिंह, IPS के निर्देश पर ACP डाबड़ी श्री हरनित सिंह सूदन की देखरेख में SHO इंस्पेक्टर विकास राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस व मुखबिरों की मदद से काली बस्ती के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उजैर (22), श्याम खान (21) और पीयूष उर्फ पुच्ची (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये उत्तम नगर, बिंदापुर, डाबरी, द्वारका साउथ, रनहोला और निहाल विहार इलाकों में हुई 9 वारदातों में शामिल रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से बरामद 4 मोटरसाइकिलें भी चोरी की हैं, जिनका इस्तेमाल ये स्नैचिंग की वारदातों में करते थे। आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *