नई दिल्ली, 26 अगस्त। राजधानी में मौसमी बुखार, इन्फ्लुएंजा और H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रमुख निर्देश दिए —
- रोकथाम तेज हो: सभी जिलों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा गतिविधियों में तेजी लाई जाए। जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाए।
- अस्पताल अलर्ट पर रहें: सभी सरकारी अस्पतालों में फीवर क्लीनिक और फ्लू कॉर्नर को 24 घंटे सक्रिय रखा जाए। बेड, दवाओं और जांच सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- निगरानी और जागरूकता: स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। लोगों में जागरूकता अभियान तेज करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों से अपील की है कि बदलते मौसम में सावधानी बरतें। बुखार, खांसी, जुकाम या फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी अस्पताल या डॉक्टर से संपर्क कर चिकित्सकीय सलाह लें।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।