70 लाख की ड्रग्स के साथ युगांडा की महिला को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली : द्वारका जिला पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। “नशे पर लगाम, देश को सलाम” और “ड्रग फ्री दिल्ली” अभियान के तहत टीम ने 117 ग्राम फाइन क्वालिटी एम्फेटामाइन ड्रग बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है।

डीसीपी द्वारका श्री कुशल पाल सिंह के निर्देशन और एसीपी ऑपरेशन श्री सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि विदेशी नागरिकों पर सख्ती के बाद अब अफ्रीकी मूल की महिलाएं नशा सप्लाई कर रही हैं।

इसी कड़ी में 9 जुलाई को सूचना मिली कि मोहन गार्डन इलाके में किराए पर रह रही युगांडा निवासी जैकलीन नमुलोंडो कॉलेज छात्रों और युवाओं को एम्फेटामाइन सप्लाई करती है। टीम ने फ्लैट पर छापा मारकर उसे पकड़ा। तलाशी में 117 ग्राम एम्फेटामाइन और 2 मोबाइल फोन बरामद हुए।

जांच में पता चला कि 26 वर्षीय आरोपी जुलाई 2025 में तीन महीने के बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और वीजा खत्म होने के बाद भी अवैध रूप से रह रही थी। आरोपी का पुराना कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।

इस संबंध में थाना मोहन गार्डन में FIR No. 181/2026, धारा 08/22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *