बैंक अधिकारी बनकर लाखों रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

झज्जर पुलिस लगातार आमजन को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ साइबर ठगी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम झज्जर की पुलिस टीम ने 6 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में उत्तर प्रदेश निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी साइबर क्राइम झज्जर निरीक्षक सोमवीर ने बताया कि बहादुरगढ़ निवासी एक बेकरी दुकानदार ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 13 अक्टूबर 2025 को उसके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने स्वयं को बैंक अधिकारी बताया। आरोपी ने मोबाइल फोन पर एक लिंक भेजकर उसे ओके करने को कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने लिंक को ओके किया, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया और इसके बाद उसके बैंक खाते से 6 लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली गई। शिकायत पर गहनता से कार्रवाई करते हुए थाना साइबर क्राइम में तैनात उप-निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी साकिर निवासी पीतल नगरी, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपना ऑनलाइन बैंक खाता खुलवाकर उसकी पूरी जानकारी 17,000 रुपये के कमीशन के लालच में किसी अन्य आरोपी को दे रखी थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत झज्जर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *