नई दिल्ली, 11 जुलाई। उत्तर-पूर्वी जिले की जाफराबाद थाना पुलिस ने सोशल मीडिया निगरानी के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ वीडियो डालने वाले स्नैचर और उसके साथी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर “ballu_dada_jafrabadi_” नाम की आईडी से अवैध हथियारों के साथ स्टोरी अपलोड की जा रही थी। मामले का संज्ञान लेते हुए SHO जाफराबाद इंस्पेक्टर तनवीर अशरफ के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया।
10 जुलाई को पंचवटी पार्क, घोंडा चौक, जाफराबाद में छापेमारी कर मुख्य आरोपी अरमान (22 वर्ष) निवासी अल्वी नगर, लोनी, गाजियाबाद को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में थाना जाफराबाद में आर्म्स एक्ट के तहत FIR No. 204/26 दर्ज की गई।
पूछताछ में अरमान ने 23 जून को लूट और 9 जुलाई को मोबाइल स्नैचिंग की वारदात कबूली, जिसे उसने अपने साथी के साथ अंजाम दिया था। उसकी निशानदेही पर दूसरे आरोपी रिहान (19 वर्ष) निवासी चौहान बांगर को भी गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया गया।
आरोपी अरमान के मोबाइल में चाकू और अवैध हथियारों वाले कई वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
बरामदगी: एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक स्नैच किया हुआ मोबाइल फोन। इस मामले में आगे पूछताछ जारी है।