नॉर्थ जिला पुलिस को बड़ी कामयाबी, 37.5 लाख की फर्जी लूट का 24 घंटे में पर्दाफाश

नई दिल्ली, 11 जुलाई 2026

उत्तरी जिले की वजीराबाद थाना पुलिस और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने 37.5 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। जांच में खुलासा हुआ कि लूट किसी और ने नहीं, बल्कि पीड़ित कंपनी के ही दो कर्मचारियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी।

पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई को चांदनी चौक से 45.5 लाख रुपये कलेक्शन कर लौट रहे कंपनी के कर्मचारी मोहन दास से बुराड़ी फ्लाईओवर के पास 37.5 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया गया था। शिकायत में बताया गया कि तीन बदमाशों ने बाइक टकराकर वारदात को अंजाम दिया और एक बदमाश को पब्लिक ने पकड़ भी लिया, लेकिन बाद में वह काटकर भाग गया।

शक होने पर पुलिस ने साथी कर्मचारी अभिषेक और योगेश से सख्ती से पूछताछ की। तलाशी में उनके बाइक की डिक्की से लुटेरे का मोबाइल फोन बरामद हो गया और योगेश के कंधे पर काटने का निशान भी फर्जी निकला। टूटने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीसरे मुख्य साजिशकर्ता विपिन को जहांगीर पुरी से गिरफ्तार किया। उसके घर से लूटी गई रकम में से 36.92 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं।

तीनों आरोपियों में विपिन (29) पहले रोहिणी में कैफे चलाता था, जबकि अभिषेक (26) और योगेश (26) पिछले दो साल से विज्ञापन कंपनी में कैश कलेक्शन का काम करते थे। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *