पहाड़गंज पुलिस ने झपटमारी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, चोरी का माल खरीदने वाला रिसीवर आया पकड़ में

नई दिल्ली, 02 अगस्त 2026

मध्य जिला की पहाड़गंज थाना पुलिस ने झपटमारी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का माल खरीदने वाले एक रिसीवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर एक और झपटमारी की वारदात का खुलासा किया गया है।

पुलिस उपायुक्त, मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि यह गिरफ्तारी पहले पकड़े गए दो झपटमारों मुकुल उर्फ मनीष और ललित की निशानदेही और गुप्त सूचना के आधार पर की गई है।

बीते 30 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे एक शिकायतकर्ता अपनी पत्नी के साथ सदर बाजार से होटल रॉयल इन, पहाड़गंज लौट रहा था। गुरुद्वारा वाली गली में सफेद एक्टिवा पर सवार दो बदमाशों ने उनकी पत्नी का Samsung Galaxy S23 Ultra फोन झपट लिया। शिकायतकर्ता ने पीछा किया तो राहगीर की मदद से बदमाश स्कूटी और झपटा हुआ फोन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना पहाड़गंज में FIR No. 353/2026 धारा 304(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों झपटमारों मुकुल और ललित को गिरफ्तार कर लिया था। उनसे झपटा गया सैमसंग फोन, दो अन्य संदिग्ध फोन, एक चोरी की एक्टिवा स्कूटी और एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर कुल 5 मामलों का खुलासा किया गया था।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी के फोन आनंद पर्वत इलाके में एक व्यक्ति को बेचे हैं। इस सूचना पर SI सुधीर कुमार, ASI इंद्रपाल, ASI राकेश, HC जगवीर, HC मोहन लाल, Ct. दीपक और Ct. पुनीत की टीम ने SHO पहाड़गंज और ACP पहाड़गंज के नेतृत्व में 01.08.2026 को आनंद पर्वत में छापा मारकर रिसीवर को दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रीत (28 वर्ष) पुत्र राजेंद्र कुमार, निवासी 655/A, गली नं. 4, पंजाबी बस्ती, आनंद पर्वत, दिल्ली के रूप में हुई है।

पूछताछ में प्रीत ने बताया कि उसने ललित से मात्र 1500 रुपये में एक Infinix मोबाइल फोन खरीदा था। जांच में वह फोन FIR No. 351/2026 थाना पहाड़गंज का चोरी का माल निकला। आरोपी ने बताया कि वह ग्रेजुएट है और आनंद पर्वत में अपने पिता की परफ्यूम की दुकान पर काम करता है। कम दाम के लालच में उसने फोन खरीद लिया था।

उसकी तलाशी के दौरान एक iPhone भी बरामद हुआ है, जो उसने ललित से ही लिया था। पुलिस उसके मालिक और आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

इसके पास से एक Infinix मोबाइल फोन (FIR No. 351/2026 का केस प्रॉपर्टी) , एक iPhone (चोरी / झपटमारी का संदिग्ध) भी बरामद हुआ है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य मामलों में शामिल होने और चोरी के मोबाइल खरीदने-बेचने वाले नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *