नई दिल्ली : मध्य जिला की विजिलेंस ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जामा मस्जिद इलाके से लगभग 590 किलो अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि बाजार गुलियां, जामा मस्जिद स्थित दुकान नंबर 1110, SS & Sons राम दास जानकी दास में त्योहारी सीजन के लिए अवैध रूप से पटाखे जमा किए गए हैं।
एसीपी संजीव कुमार के निर्देशन और इंस्पेक्टर संजय प्रकाश के नेतृत्व में विजिलेंस टीम ने दुकान पर छापा मारा। दुकान का बोर्ड सफेद प्लास्टिक के बोरे से ढका हुआ था और अंदर केवल लकड़ी-शीशे के शोकेस पड़े थे। तलाशी के दौरान छत में 4×4 फीट का एक लकड़ी का पैनल मिला, जिसमें स्लाइडिंग सिस्टम लगा था। सीढ़ी लगाकर ऊपर देखा तो गुप्त तहखाने में भारी मात्रा में अलग-अलग तरह के पटाखे छिपाकर रखे गए थे।
मौके से दो आरोपियों जानकी दास और अभीक दास निवासी माजलीश पार्क, आदर्श नगर को पकड़ा गया। दोनों को बरामद माल सहित जामा मस्जिद थाने के हवाले कर दिया गया।
इस संबंध में थाना जामा मस्जिद में FIR No. 534/2026, धारा 288/223(b) BNS और 5/9(B) विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने पटाखे किसी अन्य व्यक्ति से लाने की बात कबूली है। पुलिस अब सप्लाई चेन की जांच कर रही है।