नई दिल्ली, 26 जून 2026
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संगठित अपराध सिंडिकेट चलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर शब्बीर अली उर्फ शब्बीर चौधरी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी उत्तर-पूर्वी दिल्ली और ट्रांस-यमुना रेंज में सक्रिय था और अप्रैल 2025 से मकोका केस में फरार चल रहा था।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल (एनडीआर) के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी, आईपीएस ने मुताबिक स्पेशल सेल एनडीआर की टीम ने इंस्पेक्टर आलोक कुमार मौर्य और इंस्पेक्टर नीतू कुमार के नेतृत्व में एसीपी आशीष कुमार की देखरेख में कार्रवाई की। पुख्ता सूत्रों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी को 14 जून 2026 को हरियाणा के शंभू बॉर्डर से पकड़ा गया और दिल्ली लाया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक XUV 700 कार और एक स्कूटी बरामद की है।
शब्बीर चौधरी, हाशिम बाबा-अनवर चाचा संगठित अपराध सिंडिकेट का सरगना है। यह गैंग सीलमपुर, भजनपुरा, मौजपुर, शाहदरा और यूपी के सीमावर्ती जिलों में सक्रिय है। गैंग पर हत्या, हत्या का प्रयास, उगाही, जमीन कब्जा समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। सिंडिकेट के कुछ सदस्य नेपाल और दुबई से भी ऑपरेट कर रहे थे।
शब्बीर चौधरी मूल रूप से मुजफ्फरनगर, यूपी का रहने वाला है। 1990 के दशक में हाजी अफजाल के संपर्क में आकर अपराध की दुनिया में कदम रखा। 2008 में भाई शमीम अहमद की हत्या के बाद उसकी आपराधिक गतिविधियां तेज हो गईं। जेल में रहते हुए हाशिम बाबा और अनवर खान उर्फ चाचा से उसकी जान-पहचान हुई। आरोपी पर हत्या, उगाही समेत 14 मामले पहले से दर्ज हैं।
फरश बाजार थाने के मकोका केस FIR No. 629/2024 और भजनपुरा थाने के आर्म्स एक्ट केस में भी वह वांछित था। इस मकोका केस में सिंडिकेट के 9 सदस्य पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
हाल ही में कार्रवाई 10/11 जनवरी 2026 को गैंग के शार्पशूटर सोहेल उर्फ आलम को पिस्टल और 3 कारतूस के साथ पकड़ा गया। 11 दिसंबर 2025 को गैंग के दो सदस्य जासिम उर्फ आलू और जहांगीर उर्फ इक्का को 4 पिस्टल और 14 कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया।
फिलहाल हाशिम बाबा, अनवर खान उर्फ चाचा, जोया खान, समीर उर्फ बाबा, सलीम अहमद उर्फ सलीम पिस्टल, हर्ष पाल सिंह उर्फ रुबल और इलियास मकोका में जेल में बंद हैं।