दिल्ली के पहाड़गंज में सड़कों का बुरा हाल, 3 सितंबर की जन्माष्टमी शोभा यात्रा पर संकट

नई दिल्ली / पहाड़गंज – राजधानी दिल्ली के दिल कहे जाने वाले पहाड़गंज इलाके में सड़कों की बदहाली ने प्रशासन की पोल खोल दी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, टूटी सड़कें और उखड़ी हुई बजरी से स्थानीय लोगों का चलना दूभर हो गया है, वहीं जनप्रतिनिधियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

बता दें कि आगामी 3 सितंबर को जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर सनातन धर्म के सभी संगठनों द्वारा एक भव्य सामूहिक शोभा यात्रा निकाली जानी है। यह शोभा यात्रा बांके बिहारी मंदिर से शुरू होकर देश बंधु गुप्ता रोड, राजगुरु रोड, चूना मंडी, मेन बाजार पहाड़गंज, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, अरा काशा रोड, मुल्तानी ढांडा होते हुए चित्रगुप्ता रोड पर समाप्त होगी।

लेकिन सवाल यह है कि क्या इस जर्जर मार्ग पर शोभा यात्रा निकलना सुरक्षित है?

जनता परेशान, नेता बेखबर

स्थानीय लोगों का कहना है कि महीनों से सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग की जा रही है, शिकायतें की जा रही हैं, आवाज बुलंद की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बरसात के बाद तो हालात और भी बदतर हो गए हैं। छोटे वाहन, ई-रिक्शा और पैदल यात्रियों के लिए यह मार्ग हादसों को न्योता दे रहा है।

ऐसे में जब हजारों श्रद्धालु, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इस शोभा यात्रा में शामिल होंगे, तो इन टूटी सड़कों पर उनके फिसलने, चोटिल होने का खतरा बना रहेगा।

आगे भी कई शोभा यात्राएं प्रस्तावित

सूत्रों के अनुसार आने वाले महीनों में जैन समाज, अग्रवाल समाज एवं अन्य धार्मिक संगठनों द्वारा भी इसी मार्ग से शोभा यात्राएं निकाली जानी हैं। यदि समय रहते सड़कों की मरम्मत नहीं हुई तो हर आयोजन पर यही सवाल खड़ा होगा।

जिन जनप्रतिनिधियों, चाहे वो निगम के हों या PWD के, जिनके जिम्मे इन सड़कों को बनाने का दायित्व है, उनका ढुलमुल रवैया अब जनता से छुपा नहीं है। एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ा जा रहा है।

बड़ा सवाल – क्या 3 सितंबर से पहले बन पाएंगी सड़कें?

अब देखने वाली बात यह है कि क्या प्रशासन 3 सितंबर से पूर्व शोभा यात्रा मार्ग की इन सड़कों को बनाकर तैयार कर पाता है? स्थानीय लोगों और आयोजकों की मानें तो मौजूदा काम की गति को देखकर ऐसा होता संभव नहीं लगता।

ऐसे में यदि शोभा यात्रा के दौरान कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? प्रशासन, नेता या फिर हमेशा की तरह जनता ही भुगतेगी?

आयोजकों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि शोभा यात्रा से पूर्व युद्धस्तर पर सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाए ताकि धार्मिक आयोजन निर्विघ्न और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *