नई दिल्ली, 23 जून 2026:
दिल्ली में जाम की समस्या और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने पिछले सप्ताह राजधानी भर में सघन संयुक्त गश्त अभियान चलाया। जिला पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीमों ने सड़कों पर उतरकर न सिर्फ ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की, बल्कि लोगों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं को भी सुना।
एक सप्ताह की कार्रवाई: आंकड़े
- 12,617 वाहनों का विभिन्न ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में चालान किया गया। • 1,596 अवैध रेहड़ी-पटरी हटाई गईं जो जाम का कारण बन रही थीं। • 81 वाहन जब्त किए गए। गंभीर उल्लंघन और कानूनी प्रावधानों की अवहेलना पर कार्रवाई हुई। • रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर 41 FIR दर्ज की गईं। इसके अलावा पूरे सप्ताह में रॉन्ग साइड चलने पर 110 FIR और 15,000 मोटर चालकों के चालान हुए। • काली फिल्म लगे शीशों पर 955 चालान और शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 567 लोगों पर कार्रवाई की गई। • गलत पार्किंग पर सबसे सख्त रुख अपनाते हुए 48,472 चालान काटे गए और 3,922 वाहनों को टो किया गया।
जनभागीदारी पर जोर: संगम प्रोजेक्ट
पुलिस अधिकारियों ने फील्ड में उतरकर 97 बैठकें आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशन के साथ कीं। मौके पर ही लोगों की शिकायतें सुनी गईं और कई समस्याओं का तुरंत समाधान भी किया गया।
‘प्रोजेक्ट संगम’ के तहत भी 21 बैठकें हुईं जिनमें स्थानीय निवासियों और व्यापारियों से ट्रैफिक से जुड़े सुझाव लिए गए। पुलिस को 8 ठोस सुझाव मिले, जिनमें से 7 पर कार्रवाई पूरी हो चुकी है।
एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस, ट्रैफिक (मुख्यालय एवं जोन-I), विजयंता गोयल आर्या, आईपीएस ने कहा कि दिल्ली पुलिस का लक्ष्य सख्त प्रवर्तन, फील्ड में सक्रिय मौजूदगी और जनता के सहयोग से सड़कों को सुरक्षित और जाम मुक्त बनाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इस मुहिम में पुलिस का साथ दें।