मध्य जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास के दो वांछित अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली: मध्य जिला के आनंद पर्वत थाना पुलिस की क्रैक टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ माननीय न्यायालय ने गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की (31) और रितिक (25), दोनों निवासी बलजीत नगर, आनंद पर्वत, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों थाना आनंद पर्वत के एफआईआर नंबर 219/2020 धारा 307/323/34 IPC के तहत वांछित थे।

रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, आनंद पर्वत थाने की क्रैक टीम वांछित और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार काम कर रही थी। टीम ने पुराने मामलों का विश्लेषण और मुखबिरों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया।


बीते 24.अगस्त 2026 को टीम को भील बस्ती, बलजीत नगर, आनंद पर्वत में दोनों वांछित अपराधियों की मौजूदगी की सटीक सूचना मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसीपी पटेल नगर श्री सुनील कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल कैलाश और कांस्टेबल मुकेश की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने भील बस्ती में घेराबंदी कर दोनों को सफलतापूर्वक दबोच लिया।

जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी रितिक पहले भी आपराधिक वारदात में शामिल रहा है। वह थाना पटेल नगर के एफआईआर नंबर 493/2021 धारा 302/34 IPC में भी आरोपी है।

दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय शिव कुमार, एएसजे, तीस हजारी कोर्ट, दिल्ली के समक्ष पेश किया गया।

मध्य जिला पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी फरार अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए चलाए जा रहे निरंतर अभियान का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *