मध्य जिले के आईपी एस्टेट थाने की टीम ने बड़ी कार्रवाई को दिया अंजाम
नई दिल्ली। मध्य जिले में भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आईपी एस्टेट थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त, मध्य जिला, रोहित राजबीर सिंह (IPS) ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश कुमार (उम्र 39 वर्ष), निवासी टेकजोन-4, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मुकेश कुमार थाना आईपी एस्टेट के केस FIR No. 293/2024, धारा 420/468/471/34 IPC में वांछित था। सजा से बचने के लिए वह लगातार न्यायिक प्रक्रिया से भाग रहा था, जिसके बाद 25. जुलाई 2025 को माननीय न्यायालय सुश्री प्रीति, JMFC, तीस हजारी कोर्ट, दिल्ली द्वारा उसे उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए SHO, थाना आईपी एस्टेट के पर्यवेक्षण और ACP, कमला मार्केट के समग्र नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में SI गौरव दलाल, HC ललित, Ct प्रकाश और Ct रामजीलाल शामिल थे।
टीम ने तकनीकी निगरानी और सूत्रों के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू की। उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह फरार मिला।
इसी बीच 10 जुलाई, 2026 को टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी आईजीआई एयरपोर्ट के घरेलू टर्मिनल पर मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हवाई अड्डे पर छापा मारा और आरोपी मुकेश कुमार को धर दबोचा।
पुलिस रिकॉर्ड की जांच के बाद आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।