मध्य जिला पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। थाना हौज काजी पुलिस ने गश्त के दौरान 200 क्वार्टर देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, 24 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे स्टाफ लाल कुआं रोड, फराशखाना के पास गश्त पर था। तभी ग्रे रंग की स्कूटी पर आ रहे एक युवक ने पुलिस को देखकर स्कूटी मोड़ ली। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे रोक लिया। तलाशी में स्कूटी पर रखे सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 180-180 ML के 200 क्वार्टर बरामद हुए, जिन पर “For Sale in Haryana Only” लिखा था।
आरोपी की पहचान आकाश (उम्र 20 वर्ष), निवासी बुराड़ी के रूप में हुई है। मौके से अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को जब्त कर थाना हौज काजी में FIR No. 389/26, धारा 33/38 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा बॉर्डर से सस्ती शराब लाकर सदर बाजार इलाके में बेचता था। जांच में पता चला है कि आरोपी पहले भी थाना बुराड़ी के एक आबकारी मामले FIR No. 254/25 में शामिल रह चुका है।
यह कार्रवाई SHO हौज काजी इंस्पेक्टर अमरेंद्र कुमार सुमन के नेतृत्व में SI रणविजय सिंह, HC परमवीर और Ct. दया चंद की टीम ने ACP कमला मार्केट राजीव भारद्वाज की देखरेख में की।