दिल्ली: एनकाउंटर के बाद बंबीहा और नंदू गैंग के 2 हथियार सप्लायर गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद बंबीहा और कपिल सांगवान उर्फ नंदू गैंग के दो हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान वसीम उर्फ हाजी वसीम निवासी मेरठ और मोहम्मद माजिद उर्फ अरमान निवासी सीलमपुर के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के स्पेशल सीपी एचजीएस धालीवाल के अनुसार, ARSC टीम को सूचना मिली थी कि दीनपुर गांव में फायरिंग करने वाले शूटर्स को हथियार सप्लाई करने वाला वसीम मयूर विहार फ्लाईओवर सर्विस रोड पर आने वाला है। इंस्पेक्टर मान सिंह और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम के नेतृत्व में ट्रैप लगाया गया। रात करीब 11:55 बजे स्विफ्ट कार (UP-15DH-9***) में आए आरोपी ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि 16 अगस्त को छावला के दीनपुर गांव में उमेद सिंह के घर पर फायरिंग के लिए हथियार इसी ने उपलब्ध कराए थे। दूसरा आरोपी माजिद, जो 50 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल है, उसे 23 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था।


आरोपी के कब्जे से 1 सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 5 कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार बरामद हुई है।

जांच में सामने आया है कि हाजी वसीम ने ही 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान शाहरुख पठान को भी हथियार सप्लाई किया था, जिसने जाफराबाद में हेड कांस्टेबल दीपक दहिया पर पिस्टल तानी थी। इसके अलावा सीलमपुर में तारिक हसन हत्याकांड में भी इसी के हथियार का इस्तेमाल हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *